भैरमगढ़ के अंकित सकनी ने यूपीएससी 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास
रायपुर, 9 मार्च 2026। नक्सल प्रभावित क्षेत्र भैरमगढ़ के निवासी अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री रामविचार नेताम और प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
24 वर्षीय अंकित सकनी का जन्म 4 जुलाई 2001 को ग्राम गुडमा, तहसील कुतु, जिला बीजापुर में हुआ। उनके पिता चंद्रिया सकनी और माता जमुना सकनी हैं। उन्होंने कक्षा 1 से 5 तक सरस्वती शिशु मंदिर भैरमगढ़, कक्षा 6 से 8 तक अलोंस पब्लिक स्कूल और कक्षा 9 से 12 तक रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की। इस दौरान उनका चयन आदिम जाति विकास विभाग की जवाहर उत्कर्ष योजना के तहत हुआ था। आगे उन्होंने भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से 2018 से 2022 के बीच बीटेक की पढ़ाई पूरी की।
स्नातक के बाद वर्ष 2022 से अंकित लगातार यूपीएससी की तैयारी में जुटे रहे। प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर आदिम जाति विकास विभाग द्वारा उन्हें आगे की तैयारी के लिए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई थी, जिससे मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी में मदद मिली। अंकित ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के संघर्ष और सहयोग को दिया है। उनकी उपलब्धि पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं, वहीं विभाग ने इसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
