कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम रायगढ़ में फहराएंगे तिरंगा, गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
रायगढ़, 24 जनवरी 2026/ शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत आज फुल ड्रेस रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। रिहर्सल के दौरान समारोह में शामिल सभी गतिविधियों का क्रमबद्ध एवं अनुशासित अभ्यास किया गया, जिसमें परेड, मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति शामिल रही।
फुल ड्रेस रिहर्सल के अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंच, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। समारोह में भव्य मार्च पास्ट, झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीदों के परिजनों का सम्मान तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा।
