धरमजयगढ़ न्यायालय परिसर से अधिवक्ता के भाई की बाइक चोरी
रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र में न्यायालय परिसर से मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। ग्राम शाहपुर निवासी हेम प्रसाद पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बड़े भाई टीकाराम पटेल के नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया।
शिकायत के अनुसार 7 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे मोटरसाइकिल होंडा सीडी 110 ड्रीम (क्रमांक CG13AA1522) को धर्मजयगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर के मोटरसाइकिल स्टैंड में खड़ा किया गया था। इसके बाद वे काम से रायगढ़ चले गए थे। शाम करीब 8 बजे लौटने पर देखा कि मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन और परिचितों से पूछताछ करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चल सका।
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
