शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला थाना रायगढ़ की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी को सरिया स्थित उसके घर से दबिश देकर पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय युवती ने 24 मार्च 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी से हुई थी। आरोपी ने विश्वास में लेकर 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी उसे रायपुर ले गया, जहां भी दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और 5 मार्च 2026 को सरिया में मिलने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 351(3), 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने महिलाओं से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
