न्यूज

कलेक्ट्रेट का अफसर बन 4.35 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिटी कोतवाली जशपुर की कार्रवाई, भेजा गया जेल

जशपुर, 18 फरवरी 2026। खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 4 लाख 35 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष) निवासी सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

प्रार्थी रोहित खाखा (23 वर्ष) निवासी ग्राम इचकेला ने 16 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने प्रार्थी की मां को यह कहकर झांसे में लिया कि वह कलेक्ट्रेट में अधिकारी है और वहां सुरक्षा गार्ड की भर्ती करवा सकता है। इस बहाने पहले 50 हजार रुपये लिए गए, फिर ज्वाइनिंग लेटर के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपये और लिए गए, जिसके लिए जमीन तक गिरवी रखी गई।

इसके बाद आरोपी ने एक और पद खाली होने का झांसा देकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से भी संपर्क कराया और उनसे 2 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने में टालमटोल की जाने लगी तो पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर स्थित एक होटल से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से उधारी चुकाने, फर्नीचर और कंप्यूटर खरीदने तथा अन्य खर्च करने की बात स्वीकार की। आरोपी के भट्टी रोड स्थित तथाकथित कार्यालय से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर जब्त किए गए हैं। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button