रायगढ़ में युवती से छेड़छाड़, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार — दूसरे आरोपी की तलाश जारी
रायगढ़, 01 अप्रैल 2026। महिला थाना रायगढ़ ने युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पीड़ित युवती, जो शहर में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल का कार्य करती है, ने 29 मार्च को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 26 फरवरी की रात ड्यूटी के बाद घर लौटते समय देवांगन धर्मशाला के पास आरोपी बाटली खान और उसके साथी प्रशांत सोनी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर विवाद करते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में महिला थाना द्वारा अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24 वर्ष), निवासी चांदनी चौक रायगढ़, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे 30 मार्च को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
घटना के दूसरे आरोपी बाटली खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
