जंगल में करंटयुक्त तार से मौत के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, कमलेश्वरपुर पुलिस की कार्रवाई
सरगुजा जिले के थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रार्थी जयप्रकाश यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया, जिसमें बताया गया कि मृतक मिश्रालाल यादव जंगल में आगे चलते हुए अचानक करंट प्रवाहित नग्न तार के संपर्क में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिजली खंभे से अवैध हुकिंग कर जंगल में तार बिछाया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान छह आरोपियों जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुन्दर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर और जहूर साय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जंगली सुअर के शिकार के लिए अवैध रूप से करंटयुक्त तार लगाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने मिलकर जंगल में लकड़ी के खूटे लगाकर तार बिछाया था और बिजली खंभे से जोड़कर शिकार का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लाल रंग का तार जब्त किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध सिद्ध पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना कमलेश्वरपुर पुलिस एवं वन विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
