CSR फंड दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ में साइबर पुलिस ने CSR फंड दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में इंदिरानगर रायगढ़ की एनजीओ कार्यकर्ता आयशा परवीन की शिकायत पर साइबर थाना रायगढ़ में अपराध दर्ज किया गया था। आरोपियों ने महिला को CSR अनुदान और नौकरी का झांसा देकर उसके संस्थान के नाम से बैंक खाता खुलवाया और मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कर खाते का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर 2.17 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन कराए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने महिला और उसके पति को गुवाहाटी बुलाकर होटल में ठहराया, जहां गैंग के अन्य सदस्यों ने उनका मोबाइल और बैंक से जुड़े दस्तावेज अपने पास रखकर कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए। बाद में बैंक से संदिग्ध लेनदेन की सूचना मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। साइबर पुलिस की जांच में देशभर से पीड़िता के खाते से जुड़े 44 साइबर फ्रॉड शिकायतें सामने आईं, जिनमें करोड़ों रुपये के विवादित लेनदेन दर्ज हैं।
पुलिस ने मितेश सोनी, विजय चंद्रा, अजय साहू, अभय यादव और सचिन चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से सक्रिय साइबर गैंग को कॉरपोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और बदले में ठगी की रकम का 5 से 15 प्रतिशत कमीशन लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने अलग-अलग राज्यों में 25 से 30 बैंक खाते उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
