जशपुर से रायगढ़ जा रही बासुदेव बस में 48 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, ड्राइवर-कंडक्टर समेत तीन गिरफ्तार
जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तपकरा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान वासुदेव बस (CG-13-Q-1800) से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की। मुखबिर की सूचना पर 10 अप्रैल की रात करीब 11:45 बजे बस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से दो झोलों में रखे चार कार्टून में 100-100 मिलीलीटर की 480 शीशियां मिलीं। कुल 48 लीटर कफ सिरप की कीमत 96,720 रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में शुरू में बस चालक, कंडक्टर और खलासी ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद तीनों ने कफ सिरप तस्करी की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे यह प्रतिबंधित कफ सिरप बिहार के गया से लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी में थे। मामले में थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में बसंत पटेल (33) निवासी लैलूंगा, सतीश कुमार चौहान (45) निवासी जांजगीर-चांपा और भोला राम (46) निवासी कुनकुरी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इसमें शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
