न्यूज

तेज रफ्तार बाइक हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत

रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना 2 मार्च 2026 को ग्राम आमापाल मेन रोड पर हुई, जहां नितेश उरांव अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से जा रहा था और नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे बिजली खंभे से टकरा गया। हादसे में उसे गंभीर चोट आई और जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में वार्ड बॉय सम्पत चौहान की सूचना पर पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अपराध दर्ज किया। जांच में सामने आया कि युवक स्वयं ही वाहन चला रहा था और तेज व लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग के कारण दुर्घटना हुई। घटना में पीछे बैठा उसका साथी भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया गया।

पुलिस ने मामले में मोटरयान अधिनियम की धारा 184 सहित भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मर्ग डायरी और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button