न्यूज

नगर निगम सामान्य सभा में 14 एजेंडा को मिली स्वीकृति, शहर विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा

रायगढ़। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए 14 एजेंडों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में वार्ड समितियों के गठन, बस टर्मिनल निर्माण, एसएलआरएम सेंटर में संयंत्र स्थापना सहित कई विकास कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि वार्ड समितियों के गठन से स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ेगी, जबकि प्रस्तावित बस टर्मिनल में बस, यात्री वाहन और ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग तीन प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना है, जिससे यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित होगी।

सामान्य सभा में इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन का नाम सिंदूर पार्क रखने, पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम का नाम संत प्रियदर्शी रामजी के नाम पर करने, अमलीभौंना न्यू सारंगढ़ बस स्टैंड को अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के रूप में विकसित करने, एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन संयंत्र स्थापित करने सहित विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पार्षदों ने भी विकास से जुड़े सुझाव रखे और सभी एजेंडों पर सहमति जताई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, सभापति डिग्रीलाल साहू, पार्षद तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button