लैलूंगा के कुंजरा में खुलेगा एएनएम नर्सिंग महाविद्यालय, वनांचल की 120 बेटियों को हर साल मिलेगा रोजगारोन्मुखी शिक्षा का अवसर
रायगढ़, 13 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के आदिवासी बाहुल्य लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कुंजरा में शीघ्र ही एएनएम नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री की पहल और जिला प्रशासन के प्रयासों से वनांचल क्षेत्र की बेटियों को अब अपने ही अंचल में गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। यह संस्थान आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
लैलूंगा और धरमजयगढ़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों की छात्राएं अब संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से समझौता करने को विवश नहीं होंगी। लंबे समय से क्षेत्र में एएनएम महाविद्यालय की मांग उठती रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने स्थापना के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा उत्खनन प्रभावित क्षेत्र में रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस योजना को अमल में लाया जा रहा है।
प्रस्तावित महाविद्यालय का संचालन देश की प्रतिष्ठित संस्था द्वारा किया जाएगा। प्रथम वर्ष में 120 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। शासकीय भवन का जीर्णोद्धार जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से कराया जाएगा तथा आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि छात्राओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षा मिल सके।
प्रवेश प्रक्रिया में आदिवासी क्षेत्रों की गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाली 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। अध्ययन अवधि के दौरान शिक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दो वर्षीय पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद छात्राओं को नियोजन प्रक्रिया के माध्यम से शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे वे राज्य और देश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं दे सकेंगी।
