न्यूज

कलेक्टर का मैदानी एक्शन: पगडंडियों से खेत तक पहुंचकर सरसों फसल का लिया जायजा, किसानों से सीधा संवाद

रायगढ़, 11 फरवरी 2026। जिले में फसल विविधीकरण और तिलहन क्षेत्र विस्तार को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विकासखंड खरसिया के ग्राम नावापारा (पूर्व) का दौरा किया। मैदानी हकीकत समझने के लिए कलेक्टर पगडंडियों से पैदल चलते हुए किसानों के खेत तक पहुंचे और सरसों फसल प्रदर्शन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने खेतों में खड़ी फसल की स्थिति देखी और किसानों से चर्चा कर उत्पादन बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर सुझाव दिए।

जिला खनिज संस्थान न्यास मद के तहत जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तिलहन फसलों के विस्तार के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। खरीफ 2025 में मूंगफली 510 हेक्टेयर व तिल 520 हेक्टेयर तथा रबी 2025-26 में सरसों 700 हेक्टेयर व सूर्यमुखी 200 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रदर्शन लगाए गए हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत किसानों को निःशुल्क बीज एवं आवश्यक आदान सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे तिलहन उत्पादन के प्रति किसानों का रुझान बढ़ा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान के स्थान पर दलहन, तिलहन और मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र में तेल मिल स्थापना की संभावनाओं पर भी चर्चा की, ताकि किसानों को मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन का लाभ मिल सके। भ्रमण में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया प्रवीण तिवारी, उप संचालक कृषि रायगढ़ अनिल वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खरसिया नीलाम्बर सिदार, कृषि विकास अधिकारी नृपराज डनसेना तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नावापारा अनिल भगत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button