न्यूज

प्रकृति, संस्कृति और रोमांच का संगम—13 से 15 फरवरी तक सजेगा भव्य मैनपाट महोत्सव

रायपुर, 10 फरवरी 2026/ सरगुजा जिले का खूबसूरत हिल स्टेशन मैनपाट एक बार फिर कला, संस्कृति और पर्यटन के महाकुंभ का साक्षी बनने जा रहा है। रोपाखार जलाशय के समीप 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का आयोजन पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य मैनपाट को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाना और सरगुजा अंचल की लोक कला, तिब्बती परंपरा तथा स्थानीय संस्कृति को नया मंच प्रदान करना है। ठंडी जलवायु और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहलाने वाला यह स्थल इन दिनों उत्सव की तैयारियों से गुलजार है।

महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। तीनों दिन सांस्कृतिक संध्या में देश के ख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पहले दिन भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का छऊ नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दूसरे दिन अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार मंच संभालेंगी, जबकि समापन दिवस पर बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के साथ कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव कार्यक्रम में रंग भरेंगे।

मैनपाट महोत्सव केवल संगीत तक सीमित न रहकर संपूर्ण मनोरंजन पैकेज होगा। परिसर में बोटिंग, साहसिक खेल, पारंपरिक दंगल जैसी गतिविधियां होंगी। फूड जोन में सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ विभिन्न राज्यों के स्वाद मिलेंगे। प्रदर्शनी क्षेत्र में शासकीय योजनाओं, स्थानीय उत्पादों, टाऊ फसल और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को क्षेत्र की सांस्कृतिक-आर्थिक विविधता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर 3,781 फीट की ऊंचाई पर बसे मैनपाट के टाइगर पॉइंट, जलजली, मेहता पॉइंट, मछली पॉइंट, बौद्ध मठ और उल्टा पानी जैसे स्थल पर्यटकों को खासा आकर्षित करते हैं। जिला प्रशासन स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी मंच देने पर जोर दे रहा है ताकि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में सुरक्षा, पार्किंग और यात्री सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की गई है। 15 फरवरी को संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में महोत्सव का भव्य समापन होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button