ऐतिहासिक दिन: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रदेश में एक साथ 6414 जोड़ों का विवाह, रायगढ़ में 190 जोड़े बने हमसफर
रायगढ़, 10 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के सामाजिक इतिहास में आज का दिन जनकल्याण और मानवीय सरोकारों के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में एक साथ 6 हजार 414 जोड़ों ने विवाह कर नए जीवन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय और समृद्ध भविष्य की कामना की। इस अवसर पर महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य मंत्रीगण मौजूद रहे।
रायगढ़ जिले के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में 190 जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रस्मों और मंगल गीतों से पूरा परिसर उल्लास से भर उठा। आयोजन की भव्यता और सुव्यवस्था ने इसे यादगार बना दिया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पूरा कार्यक्रम अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि पहले गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह बड़ी आर्थिक चुनौती होता था, लेकिन इस योजना ने वह चिंता काफी हद तक दूर कर दी है। उन्होंने बताया कि डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुई इस योजना की सहायता राशि 5 हजार रुपये से बढ़कर अब 50 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है। समारोह में सभी नवदंपत्तियों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया, जिससे वे आत्मसम्मान के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को जमीन पर उतारा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, किसानों का बोनस, तेंदूपत्ता दर वृद्धि और तीर्थ दर्शन जैसी योजनाएं जनता को सीधा लाभ पहुंचा रही हैं। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, पूनम सोलंकी, रविन्द्र गबेल, शीला तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एल.आर.कच्छप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
