वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई—लक्ष्मीपुर ओला शोरूम के पास दो गुटों की मारपीट में 6 आरोपी हिरासत में, 4 नाबालिग शामिल
रायगढ़, 9 फरवरी 2026। सोशल मीडिया पर लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश पर सीएसपी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित दबिश देकर घटना में शामिल कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें 4 विधि से संघर्षरत बालक तथा दो युवक शामिल हैं।
मामले में दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार वह शाम के समय स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी लक्ष्मीपुर ओला शोरूम के सामने पहले से मौजूद अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल एवं उनके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसका रास्ता रोका और एक राय होकर हाथ-मुक्का, डंडा व अन्य वस्तुओं से मारपीट की। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जबकि घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत धारा 115(2), 126(2), 296, 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल की टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है। जांच के दौरान प्रकरण में बलवा की धाराएं जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है। विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय तथा अन्य आरोपियों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों को तलब कर सख्त हिदायत दी कि वे बच्चों की गतिविधियों, संगति और व्यवहार पर सतत निगरानी रखें। संबंधित स्कूल के शिक्षकों को भी विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सार्वजनिक मारपीट, गुंडागर्दी और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा माहौल बिगाड़ने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
