तमनार के कोडकेल में एसएसपी शशि मोहन सिंह का जनसंवाद—बोले नशा अपराध की जड़, नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी
रायगढ़, 5 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना तमनार के ग्राम पंचायत कोडकेल में आयोजित “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों और युवाओं से सीधा संवाद किया। हिंडाल्को एवं ‘आगाज़’ संस्था की संयुक्त पहल से हुए इस आयोजन में नशे के दुष्प्रभावों पर खुली चर्चा की गई और कोडकेल को नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में डीएसपी सुशांत बनर्जी, थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर, 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। इस दौरान “नशा नाश की जड़ है भैया” गीत का लोकार्पण क्लैप बोर्ड के माध्यम से किया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहा। कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने नशे से होने वाले सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशा केवल अपराध को बढ़ावा नहीं देता, बल्कि परिवार और समाज की नींव को कमजोर करता है। रायगढ़ पुलिस जिलेभर में शराब व अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महाअभियान चला रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। डीएसपी सुशांत बनर्जी ने भी विभिन्न प्रकार के नशों पर विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से एकजुट होकर सख्त सामाजिक माहौल बनाने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी तमनार ने कोडकेल की महिलाओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि “जागृति नशामुक्ति समिति” के माध्यम से महिलाओं का संगठित प्रयास बेहद प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी द्वारा “युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आयोजन में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज की ओर से प्रेम कुमार सिंह, रंजना नाग तथा आगाज़ संस्था की टीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों व महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी रही।
