केलो बिहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार, पीटा एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही
रायगढ़, 2 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने केलो बिहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर सटीक रेड कार्यवाही कर देह व्यापार के अवैध कारोबार का खुलासा किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त मकान में किरायेदार द्वारा बाहर से महिलाओं को लाकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है, जिस पर तत्काल कार्यवाही की योजना बनाई गई।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। संकेत मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा, जहां मकान के भीतर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर तथा दो संदिग्ध व्यक्ति डिंपी उर्फ राहुल इजारदार एवं नागेंद्र विश्वकर्मा पाए गए। तलाशी के दौरान मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन एवं लेन–देन की रकम बरामद की गई, जिसे गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति कराता था तथा स्वयं इस पूरे अवैध कारोबार का संचालन व प्रबंधन करता था। दूसरा आरोपी नागेंद्र विश्वकर्मा भी इसी गतिविधि से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
इस सफल कार्यवाही में एडिशनल एसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई नंद कुमार, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक राजेश सिदार, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, रेनू मंडवी सिंह, प्रशांत पंडा, रविंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार तथा महिला आरक्षक मेनका चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों पर निरंतर कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।
