न्यूज

रायगढ़ पुलिस — बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेजों से बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार, 25 बाइक बरामद

रायगढ़, 1 फरवरी। शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी कर फर्जी आरसी तैयार कर बेचने वाले बड़े संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य बाइक चोर मुकेश चौहान समेत कुल 7 आरोपियों—चन्द्र कुमार यादव, पुरूषोत्तम प्रधान, मुकेश प्रधान, इरशाद खान, अजय पटेल और संजय अगरिया—को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर जब्त किया गया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये है। गिरोह का एक सदस्य विकेश दास महंत पहले से जेल में निरुद्ध है।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पूंजीपथरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने दो संदिग्ध बाइक के साथ मुकेश प्रधान को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि ऑटो डीलर में कार्यरत पुरूषोत्तम प्रधान और श्याम ऑटो डीलर लैलूंगा के मैनेजर चन्द्र कुमार यादव चोरी की बाइक को फर्जी दस्तावेजों के सहारे बाजार में खपाते थे। इस अवैध कार्य में पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर अजय पटेल और संजय अगरिया लोक सेवा केंद्र से नकली रजिस्ट्रेशन व कागजात तैयार कर सहयोग करते थे।

मुख्य आरोपी मुकेश चौहान ने बताया कि उसने अपने साथी विकेश दास महंत के साथ पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र से लगभग 25 बाइक चोरी कीं, जिनमें अधिकतर एचएफ डीलक्स मॉडल हैं। पकड़े जाने से बचने के लिए गिरोह फर्जी आरसी, ट्रांसफर कार्ड और नकली हस्ताक्षर का सहारा लेता था। पुलिस ने अजय पटेल के पास से लैपटॉप, प्रिंटर और पीबीसी कार्ड बरामद कर पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया है तथा कोतबा के ऑटो डीलर के माध्यम से खपाई गई 8 बाइक भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद तीन बाइक पूंजीपथरा थाना के अपराध क्रमांक 05/2026, 09/2026 एवं 10/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित हैं तथा शेष वाहनों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है। प्रकरण में संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराएं 317(2) व 336(3) जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड बाइक खरीदते समय आरसी, बीमा व अन्य कागजात की अनिवार्य जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button